सीकर। जिला कलेक्टर आशीष मोदी के निर्देश एवं नगर परिषद के वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा के निर्देशन में गुरुवार को फतेहपुर गेट और सुभाष चौक क्षेत्र में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान फुटपाथों और सार्वजनिक मार्गों पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए तथा दुकानदारों और रेहड़ी-ठेला संचालकों को नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी गई।
फुटपाथ और सार्वजनिक मार्ग कराए गए खाली
अभियान का नेतृत्व अतिक्रमण प्रभारी प्रमोद सोनी ने किया। कार्रवाई के दौरान फुटपाथों एवं सार्वजनिक मार्गों पर रखा सामान हटवाया गया। साथ ही व्यापारियों और रेहड़ी-ठेला संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे किसी भी परिस्थिति में सड़क या फुटपाथ पर सामान रखकर आमजन की आवाजाही और यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न न करें।
दोबारा अतिक्रमण करने पर होगी कड़ी कार्रवाई
वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य शहर को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फुटपाथ पैदल चलने वालों के लिए हैं और उन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद किसी का रोजगार छीनना नहीं चाहती, बल्कि सभी व्यापारियों और रेहड़ी-ठेला संचालकों से निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय संचालित करने की अपेक्षा करती है।
वरिष्ठ आयुक्त ने चेतावनी दी कि बार-बार समझाइश के बावजूद यदि कोई व्यक्ति दोबारा अतिक्रमण करता पाया गया तो उसके विरुद्ध सामान जब्त करने, आर्थिक दंड लगाने और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारियों से सहयोग की अपील
अतिक्रमण प्रभारी प्रमोद सोनी ने मौके पर मौजूद दुकानदारों और रेहड़ी-ठेला संचालकों से स्वेच्छा से नियमों का पालन करने और नगर परिषद के अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण से न केवल यातायात प्रभावित होता है, बल्कि पैदल चलने वाले लोगों को भी असुविधा होती है।
नगर परिषद ने आमजन से भी शहर को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।






