सीकर। शहर में सुगम यातायात, स्वच्छता और आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर परिषद सीकर और यातायात पुलिस ने मंगलवार को संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान फतेहपुर गेट चौराहे से दंग की नसियां तथा आसपास के क्षेत्रों में सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए।
सड़क और फुटपाथ से हटवाए अतिक्रमण
वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा के निर्देशानुसार अतिक्रमण प्रभारी प्रमोद कुमार सोनी एवं यातायात थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक मार्गों पर फल, सब्जी एवं अन्य सामान की रेहड़ियां और ठेले लगाकर आवागमन बाधित करने वाले संचालकों को मौके पर समझाइश दी गई तथा तत्काल अतिक्रमण हटवाया गया।
निर्धारित स्थानों पर व्यवसाय करने के निर्देश
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने रेहड़ी-ठेला संचालकों को निर्देश दिए कि वे केवल निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय करें और सड़क या फुटपाथ पर कब्जा कर यातायात व्यवस्था प्रभावित न करें।
अधिकारियों ने कहा कि शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध आगामी दिनों में चालान, जब्ती और नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान आगे भी रहेगा जारी
वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य किसी की आजीविका प्रभावित करना नहीं, बल्कि शहर में सुचारु यातायात, सुरक्षित आवागमन और व्यवस्थित बाजार व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने व्यापारियों, रेहड़ी-ठेला संचालकों और आमजन से प्रशासन का सहयोग करने तथा सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील की।
नगर परिषद ने स्पष्ट किया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।






