सीकर जिला मुख्यालय के राधाकिशनपुरा स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय उदयलाल की ढाणी में अज्ञात लोगों द्वारा रात के समय घुसकर तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में विद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ फर्नीचर पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किए जाने का भी आरोप है। मामले की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कक्षाओं में घुसकर किया नुकसान
क्षेत्र के अशोक वर्मा ने बताया कि स्कूल में हुई इस प्रकार की वारदात चिंता का विषय है। विद्यालय की अध्यापिका प्रियंका देवी ने उद्योग नगर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक के अनुसार, अज्ञात लोग कक्षा-कक्षों में घुस गए और वहां रखी विज्ञान किट, खेल सामग्री, महापुरुषों के चित्र, फर्नीचर और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया। साथ ही फर्नीचर और दरियों पर ज्वलनशील पदार्थ का छिड़काव किए जाने की भी जानकारी दी गई।
शिक्षकों और विद्यार्थियों में चिंता
घटना के बाद विद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचने से शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने लिया जायजा
घटना के बाद क्षेत्र के अशोक वर्मा, राकेश कटारिया, मुकेश सैनी, जगदीश जाखड़, प्रकाश रॉयल, शीशपाल जाखड़, संजय ओला, चिरंजीलाल सैनी, नागरमल सैनी, नंदलाल सैनी और राजपाल जाखड़ सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने विद्यालय पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया।






