सीकर। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, कुशालवाली के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक उपलब्धियों से विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय के छात्र प्रिंस सैनी का चयन राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना (NMMS) में हुआ है, जबकि छात्रा चिंटू सैनी ने बालिका सैनिक स्कूल, बीकानेर में चयनित होकर नई मिसाल कायम की है।
विशेष बात यह है कि धन्नालाल सैनी की पुत्री चिंटू सैनी श्रीमाधोपुर तहसील से बालिका सैनिक स्कूल में चयनित होने वाली पहली छात्रा बनी हैं।
विद्यालय में खुशी का माहौल, छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान
दोनों विद्यार्थियों की सफलता पर विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल रहा। प्रधानाचार्य संतोष यादव एवं शिक्षकों ने दोनों विद्यार्थियों का मिठाई खिलाकर सम्मान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्रधानाचार्य संतोष यादव ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
ग्रामीणों ने निकाली रैली, दी शुभकामनाएं
विद्यार्थियों के चयन पर अभिभावकों ने विद्यालय परिवार और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। वहीं ग्रामीणों एवं गणमान्य नागरिकों ने दोनों विद्यार्थियों के सम्मान में रैली निकालकर उनकी सफलता का जश्न मनाया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर शंकर लाल वर्मा, सुशीला सैनी, संतोष गोदारा, प्रियंका लाम्बा, रंजीत सैनी, गुलजारी यादव, सुशील कुमार, मनोज, भूपेश, शाहिद सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
शिक्षा के क्षेत्र में नई प्रेरणा
विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि ऐसे परिणाम अन्य विद्यार्थियों में भी प्रतिस्पर्धा और बेहतर प्रदर्शन की भावना विकसित करेंगे। विद्यालय ने भविष्य में भी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर मार्गदर्शन देने का संकल्प दोहराया।






