सीकर की उद्योगनगर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 ग्राम एमडी (मादक पदार्थ) के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी सीकर में एमडी की सप्लाई करने आए थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें दबोच लिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक स्विफ्ट कार भी जब्त की है।
उद्योगनगर थाना प्रभारी राजेश कुमार बुडानिया ने बताया कि ह्यूमन इंटेलिजेंस के माध्यम से सूचना मिली थी कि कुछ युवक जयपुर रोड क्षेत्र में एमडी लेकर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और डीएसटी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन की घेराबंदी की।
स्विफ्ट कार की तलाशी में मिली एमडी
पुलिस ने जयपुर रोड पर संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 22 ग्राम एमडी बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरसिंह (27) पुत्र पुखराज, निवासी डांगावास, तथा रामरतन वैष्णव (36) पुत्र सोहनलाल वैष्णव, निवासी अजमेर रोड, जोधपुर के रूप में हुई है।
हिस्ट्रीशीटर निकला एक आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रामरतन वैष्णव जोधपुर का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी सीकर में एमडी की सप्लाई करने पहुंचे थे।
मुख्य सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच का फोकस अब इस गिरोह के मुख्य सप्लायर और मास्टरमाइंड तक पहुंचने पर है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी।






