सीकर विधायक विकास योजना के तहत क्षेत्र में शिक्षा एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए 45.43 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई है। विधायक राजेंद्र पारीक की अनुशंसा पर ग्राम पंचायत कुडली और हरदयालपुरा में विद्यालयों के विकास तथा जनोपयोगी कार्य कराए जाएंगे।
विद्यालयों में होंगे निर्माण एवं मरम्मत कार्य
स्वीकृत कार्यों के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कुडली में सीढ़ी निर्माण के लिए 5 लाख रुपये तथा कक्षा-कक्षों को ऊंचा करने, मरम्मत एवं दीवार निर्माण के लिए 18 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
वहीं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, हरदयालपुरा में खेल मैदान में रनिंग ट्रैक निर्माण के लिए 7.20 लाख रुपये तथा पेयजल टंकी एवं पाइपलाइन कार्य के लिए 5.73 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
अन्य जनोपयोगी कार्यों को भी मिली मंजूरी
इसके अलावा राजकीय सीनियर उच्च माध्यमिक विद्यालय, हरदयालपुरा में शौचालय निर्माण के लिए 2.50 लाख रुपये तथा फर्नीचर क्रय के लिए 2 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मंगवा बस्ती में जलभराव और कीचड़ की समस्या के समाधान के लिए सीसी ब्लॉक निर्माण हेतु 5 लाख रुपये की स्वीकृति भी जारी की गई है।
जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
इन विकास कार्यों की स्वीकृति पर ग्राम पंचायत कुडली की प्रशासक संतोष देवी, राजकीय सीनियर उच्च माध्यमिक विद्यालय कुडली के प्रधानाचार्य राकेश गढ़वाल, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हरदयालपुरा की प्रधानाचार्य अनीता आर्य तथा दोनों गांवों के गणमान्य नागरिकों ने विधायक राजेंद्र पारीक का आभार व्यक्त किया।






