सीकर। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और आमजन के आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद सीकर ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जय श्री कॉलोनी, बजाज ग्राम सांवली में सार्वजनिक रास्ते पर किए गए अवैध निर्माण को हटा दिया। कार्रवाई के बाद आम रास्ता दोबारा खुलवाया गया, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिली।
नगर परिषद के वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा के निर्देश पर गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया।
आम रास्ता कराया अतिक्रमण मुक्त
नगर परिषद की टीम ने सार्वजनिक मार्ग पर किए गए अवैध निर्माण को हटाकर रास्ते को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने नगर परिषद की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से रास्ता बाधित होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
वरिष्ठ आयुक्त बोले— अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं
वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा ने कहा कि सार्वजनिक भूमि, सड़क, नालों और आम रास्तों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे अतिक्रमण आमजन की सुविधा के साथ-साथ शहर की यातायात व्यवस्था और शहरी विकास को भी प्रभावित करते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर परिषद का अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आमजन से सहयोग की अपील
नगर परिषद ने नागरिकों से सार्वजनिक संपत्तियों और रास्तों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है, ताकि शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुगम बनाया जा सके।
कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण प्रभारी प्रमोद सोनी, सहायक नगर नियोजक नरेंद्र कुमार नट, मुख्य सफाई निरीक्षक लक्ष्मण सिंह लद्धड़, अधिशाषी अभियंता विकास मिश्रा, कनिष्ठ अभियंता पिंकी मीणा, पुलिस प्रशासन, प्रवर्तन दस्ता, अग्निशमन विभाग, बिजली विभाग एवं नगर परिषद के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।





