जिला कलेक्टर आशीष मोदी के निर्देशानुसार नगर परिषद सीकर ने शहर को जाममुक्त और सुनियोजित बनाने की दिशा में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा के निर्देशन में ईदगाह चौक–मोचीवाड़ा रोड से सबलपुरा पावर हाउस तक सड़क सीमा में आने वाले चिन्हित अतिक्रमणों को हटाने के लिए संबंधित भवन एवं प्रतिष्ठान स्वामियों को तीन दिन का समय दिया गया है।

नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

मास्टर प्लान के अनुसार होगा सड़क चौड़ीकरण

नगर परिषद के अनुसार करीब सात-आठ माह पहले मास्टर प्लान और जोनल प्लान के अनुरूप इस मार्ग की निशानदेही कर सड़क सीमा में आने वाले अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों को चिन्हित किया गया था।

यह मार्ग शहर के प्रमुख और व्यस्त मार्गों में शामिल है। सड़क चौड़ीकरण से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

कई लोगों ने स्वेच्छा से हटाए अतिक्रमण

नगर परिषद ने बताया कि मोचीवाड़ा रोड पर कई नागरिकों और व्यापारियों ने जनहित को देखते हुए स्वेच्छा से अपने अतिक्रमण हटा दिए हैं। परिषद ने उनके सहयोग की सराहना करते हुए अन्य लोगों से भी इसी तरह सहयोग करने की अपील की है।

तय समय के बाद होगी नियमानुसार कार्रवाई

वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य किसी व्यक्ति या व्यापारी को अनावश्यक परेशानी पहुंचाना नहीं, बल्कि शहर का नियोजित विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान के अनुरूप सड़क चौड़ीकरण से यातायात जाम कम होगा, दुर्घटनाओं पर नियंत्रण लगेगा और भविष्य की जरूरतों के अनुसार आधारभूत सुविधाओं का विकास होगा।

उन्होंने संबंधित लोगों से तीन दिन की निर्धारित अवधि में स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि समयसीमा के बाद नगर परिषद नियमानुसार कार्रवाई करेगी और इसकी जिम्मेदारी संबंधित अतिक्रमणकर्ता की होगी।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...