सीकर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित माय भारत (MY Bharat) सीकर द्वारा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत जिले के युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ नशा मुक्त समाज के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
आठ प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन
अभियान के तहत जिला स्तर पर समूह लोकगीत, समूह नृत्य, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, वाद-विवाद, लघु फिल्म, रील निर्माण, नारा लेखन और कविता लेखन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इन प्रतियोगिताओं में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं।
20 जुलाई तक करना होगा पंजीकरण
प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। सभी प्रतिभागियों के लिए प्रतियोगिता से पहले MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।
रील, लघु फिल्म और नारा लेखन प्रतियोगिता की प्रविष्टियां पोर्टल पर ऑनलाइन जमा की जाएंगी, जबकि लोकगीत, समूह नृत्य, चित्रकला और वाद-विवाद जैसी प्रतियोगिताएं प्रत्यक्ष (लाइव) आयोजित होंगी।
आयु निर्धारण के लिए 20 जुलाई 2026 को कट-ऑफ तिथि माना जाएगा तथा प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक प्रतियोगिता में ही भाग ले सकेगा।
राष्ट्रीय स्तर तक मिलेगा अवसर
जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सीकर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। वहीं राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ‘नशा मुक्त युवा कॉन्क्लेव’ में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
युवाओं से भागीदारी की अपील
माय भारत सीकर ने जिले के अधिक से अधिक युवाओं से इस अभियान में भाग लेने, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया है।






