नेछवा ग्राम पंचायत में रात्रि चौपाल, एडीएम ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं; अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राकेश कुमार मीणा ने शुक्रवार को नेछवा ग्राम पंचायत (सूठोठ) में आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
सात प्रकरणों पर हुई सुनवाई
रात्रि चौपाल में पेयजल, विद्युत, राजस्व, सड़क सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल सात प्रकरण प्राप्त हुए। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने सभी मामलों के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विभागीय योजनाओं की दी जानकारी
चौपाल में जलदाय, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, विद्युत, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, राजस्व, कृषि तथा पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को अपनी-अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर नेछवा उपखंड अधिकारी भावेश धनवंत सहित जिला एवं उपखंड स्तर के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






