आज सीकर की 11 ग्राम पंचायतों में लगेंगे फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर
राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत आज (4 अगस्त) सीकर जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राकेश कुमार मीणा ने बताया कि शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर आमजन की शिकायतों और प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण करेंगे।
इन ग्राम पंचायतों में लगेंगे शिविर
प्रशासन के अनुसार 4 अगस्त को पिपराली पंचायत समिति की धर्मशाला, खण्डेला की चौकड़ी, नेछवा की कुमास जागीर, लक्ष्मणगढ़ की अलखपुरा बोगन, नीमकाथाना की आगरी, बेगा की नांगल, धोद की सिहोट छोटी, श्रीमाधोपुर की कल्याणपुरा थोई, तथा दांतारामगढ़ की सुलियावास, खण्डेलसर और भीराणा ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे।
कई विभागों के अधिकारी रहेंगे मौजूद
शिविरों में राजस्व, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, कृषि, चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहेंगे। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आवेदन एवं शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रशासन ने संबंधित ग्राम पंचायतों के नागरिकों से शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।






