ऑनलाइन शिकायत पर तुरंत कार्रवाई, नगर परिषद ने कीचड़भरा रास्ता कराया दुरुस्त
सीकर नगर परिषद ने आमजन की ऑनलाइन शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वार्ड संख्या 55 के कुंडली गांव स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र के सामने आम रास्ते पर फैले कीचड़ और गंदगी की समस्या का समाधान किया। नगर परिषद की टीम ने मौके पर पहुंचकर सफाई अभियान चलाया और मार्ग को दोबारा आवागमन के लिए सुगम बनाया।
नगर परिषद के वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा के निर्देशन में न्यू गैंग ने सड़क की विशेष सफाई करवाई। इसके साथ ही कीचड़युक्त रास्ते पर मिट्टी की ट्रॉलियां डलवाकर उसे समतल किया गया, ताकि लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो।
नालियों की सफाई से सुधरी जल निकासी
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र की नालियों की भी गहन सफाई की गई। इससे जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाया गया और बारिश के दौरान जलभराव की आशंका को कम करने का प्रयास किया गया।
नगर परिषद का कहना है कि मानसून के दौरान जलभराव, कीचड़ और नालियों की रुकावट जैसी समस्याओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
मानसून में शिकायतों का होगा प्राथमिकता से निस्तारण
वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य केवल शिकायतों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासन उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि मानसून के दौरान नगर परिषद की टीमें शहर के सभी वार्डों में लगातार निगरानी कर रही हैं। जहां भी आवश्यकता होगी, वहां तत्काल सफाई, जल निकासी, मिट्टी भराव और अन्य जरूरी कार्य कर लोगों को राहत पहुंचाई जाएगी।






