यमुना जल समझौते पर सीकर में अभिनंदन, शेखावाटी के लिए बताया ऐतिहासिक कदम
यमुना जल समझौते में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर मंगलवार को सीकर में सुजला शेखावाटी समिति एवं घनश्याम तिवाड़ी अभिनंदन समिति के संयुक्त तत्वावधान में राज्यसभा सांसद एवं समिति के संरक्षक घनश्याम तिवाड़ी का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, किसानों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
समारोह में राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
यमुना जल परियोजना को बताया ऐतिहासिक पहल
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि यमुना जल परियोजना शेखावाटी क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक पहल है। उनके अनुसार इस समझौते से क्षेत्र की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के समाधान का मार्ग प्रशस्त होगा और आमजन को स्थायी राहत मिलने की उम्मीद मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि सीकर, झुंझुनूं और चूरू के लोगों की लंबे समय से पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की मांग रही है।
1994 से उठ रही थी मांग
यूडीएच मंत्री ने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र के लिए यमुना जल की मांग वर्ष 1994 से लगातार उठाई जा रही थी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की उपस्थिति में हरियाणा और राजस्थान के मुख्यमंत्रियों के बीच यमुना जल समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
उन्होंने इसे शेखावाटी क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में पेयजल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में नई उम्मीद जगी है।






