सीकर शहरी सेवा शिविर: यूआईटी ने 177 पट्टा प्रकरणों का किया निस्तारण
सीकर में राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगर विकास न्यास (यूआईटी) द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत राजस्व एवं नगरीय विकास से जुड़े प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित शिविरों में विभिन्न सेवाओं से संबंधित मामलों का निपटारा करते हुए आमजन को एक ही स्थान पर सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
यूआईटी सीकर के अनुसार कृषि भूमि पर लागू सरकारी योजनाओं के तहत पट्टों के 443 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें से 177 प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 2 प्रकरण अस्वीकृत किए गए हैं। इसी अवधि में भवन मानचित्र से जुड़े 4 प्रकरण स्वीकृत किए गए। भूखण्डों के उप-विभाजन एवं पुनर्गठन के 5 प्रकरणों का भी निस्तारण कर स्वीकृतियां जारी की गईं।
नामांतरण (नाम हस्तांतरण) से जुड़े 22 नए प्रकरण प्राप्त हुए, जबकि कुल 30 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा अपंजीकृत पट्टों को पुनर्वैध कर पंजीयन कराने के 5 प्रकरणों को स्वीकृति प्रदान की गई। भू-उपयोग परिवर्तन के 2 प्रकरणों का भी निस्तारण कर अनुमति जारी की गई।
यूआईटी सीकर का कहना है कि शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न राजस्व एवं नगरीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे प्रकरणों के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण के साथ लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।






