महिलाओं को बताया कैसे पहचानें असली-नकली सामान, BIS ने दिए गुणवत्ता जांच के आसान तरीके

सीकर भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), भारत सरकार के स्टैंडर्डाइजेशन फॉर विमेन (SIGN) कार्यक्रम के तहत मुंडवा ब्लॉक के संखवास क्लस्टर में महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को भारतीय मानकों, गुणवत्ता चिन्हों और उपभोक्ता अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।


ISI मार्क देखकर ही खरीदें जरूरी उत्पाद

सेमिनार में बीआईएस के रिसोर्स पर्सन एवं कंज्यूमर एक्शन एंड प्रोटेक्शन सोसायटी, फुलेरा के अध्यक्ष विजेंद्र प्रकाश हलचल ने कहा कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए मानक चिन्हों की पहचान बेहद जरूरी है।

उन्होंने बताया कि गैस चूल्हा, स्टोव, हेलमेट और विभिन्न विद्युत उत्पादों पर आईएसआई (ISI) मार्क अनिवार्य होता है। ऐसे उत्पाद खरीदते समय उपभोक्ताओं को गुणवत्ता चिन्ह अवश्य जांचना चाहिए।


सेनेटरी नैपकिन और बच्चों के डायपर खरीदते समय भी रखें सावधानी

विजेंद्र प्रकाश हलचल ने महिलाओं को सलाह दी कि सेनेटरी नैपकिन, बच्चों के डायपर, गर्भनिरोधक उत्पादों सहित अन्य संवेदनशील वस्तुओं की खरीद के समय भी आईएसआई मार्क का विशेष ध्यान रखें।

उन्होंने बताया कि देश में 23 हजार से अधिक भारतीय मानक अधिसूचित हैं, जिनमें करीब 700 मानक अनिवार्य श्रेणी के हैं, जिनका उद्देश्य उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।


BIS Care App से करें उत्पाद की जांच

उन्होंने BIS Care App की उपयोगिता बताते हुए कहा कि उपभोक्ता किसी भी उत्पाद पर अंकित सीएमएल (CML) नंबर दर्ज कर उसकी प्रमाणिकता की जांच कर सकते हैं।

इसके अलावा स्वर्ण आभूषण खरीदते समय हॉलमार्क और HUID नंबर की जांच करने की सलाह भी दी गई, जिससे आभूषण की प्रामाणिकता और निर्माता की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने बताया कि किसी उत्पाद में अनियमितता मिलने पर BIS Care App के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई जा सकती है, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।


हेल्पलाइन नंबर भी किए साझा

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने उपभोक्ता अधिकारों और गुणवत्ता मानकों से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया।

इस अवसर पर महिलाओं को राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन 1915 तथा राज्य उपभोक्ता हेल्पलाइन 1800-180-6030 की जानकारी भी दी गई और उपभोक्ता हितों से जुड़े मामलों में जागरूक रहने का आह्वान किया गया।

Live Updates
Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...