आज से यूआईटी क्षेत्र में शुरू होंगे शहरी सेवा फॉलो-अप कैंप, 31 अगस्त तक होगा लंबित और नए प्रकरणों का निस्तारण
सीकर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगर विकास न्यास (यूआईटी), सीकर क्षेत्र में 21 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक शहरी सेवा शिविर-2026 के फॉलो-अप कैंप आयोजित किए जाएंगे।
यूआईटी सचिव जगदीश प्रसाद गौड़ ने बताया कि इन शिविरों के माध्यम से शहरी सेवा शिविर-2026 के दौरान प्राप्त आवेदनों में विभिन्न कारणों से लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा। इसके साथ ही अभियान अवधि के दौरान प्राप्त होने वाले नए आवेदनों का भी नियमानुसार समाधान किया जाएगा।
राज्य सरकार की छूट और शिथिलताएं रहेंगी लागू
उन्होंने बताया कि फॉलो-अप कैंप के दौरान शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत राज्य सरकार द्वारा प्रदान की गई सभी छूट एवं शिथिलताएं पूर्ववत लागू रहेंगी, जिससे अधिक से अधिक नागरिकों को राहत मिल सके।
रविवार को छोड़कर प्रतिदिन लगेंगे शिविर
यूआईटी सचिव के अनुसार, फॉलो-अप कैंप 21 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक प्रत्येक रविवार को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किए जाएंगे।
यदि निर्धारित समय तक किसी प्रकरण का निस्तारण पूरा नहीं हो पाता है, तो संबंधित कार्य पूर्ण होने तक शिविर जारी रखा जाएगा।






