सीकर में रात्रि चौपाल: पीएम किसान की शिकायतों पर कलेक्टर सख्त, अगले दिन शिविर के दिए निर्देश
सीकर जिले के खंडेला क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरसिंहपुरा में शुक्रवार को आयोजित रात्रि चौपाल में जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
रात्रि चौपाल के दौरान पेयजल, बिजली, सड़क, राजस्व सहित विभिन्न विभागों से जुड़े 56 प्रकरण सामने आए, जिनके त्वरित निस्तारण के लिए जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विभिन्न विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी
चौपाल में जलदाय, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, विद्युत, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, राजस्व, कृषि तथा पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही लोगों की समस्याएं सुनकर मौके पर समाधान की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
जिला कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
पीएम किसान सम्मान निधि की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई
रात्रि चौपाल के दौरान बड़ी संख्या में किसानों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की किस्त नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए तहसीलदार को निर्देश दिए कि अगले ही दिन गांव में विशेष शिविर आयोजित किया जाए।
उन्होंने कहा कि शिविर में किसानों की सभी लंबित समस्याओं का समाधान कर पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।






