सीकर, शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद सीकर और यातायात पुलिस ने शुक्रवार को संयुक्त विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों और फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई।

इस अभियान का नेतृत्व नवनियुक्त यातायात प्रभारी मनोज कुमार ने किया।


इन क्षेत्रों में हुई कार्रवाई

संयुक्त टीम ने बावड़ी गेट, सुभाष चौक और फतेहपुरी गेट से टैक्सी स्टैंड तक के क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के चालान किए गए।

इसके अलावा फुटपाथों और सड़क किनारे अवैध रूप से रेहड़ी-ठेले लगाकर यातायात और पैदल आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। नगर परिषद की टीम ने फुटपाथों से अतिक्रमण हटवाकर आमजन के लिए आवागमन सुगम बनाया।


नियमों के पालन की अपील

यातायात प्रभारी मनोज कुमार ने शहरवासियों और व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि फुटपाथ केवल पैदल यात्रियों के लिए हैं, इसलिए उन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं किया जाए।

उन्होंने वाहन चालकों से भी निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने तथा नो पार्किंग जोन एवं मुख्य मार्गों पर वाहन पार्क नहीं करने की अपील की, ताकि शहर में यातायात बाधित न हो।


अभियान रहेगा जारी

यातायात प्रभारी ने स्पष्ट किया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर परिषद एवं यातायात पुलिस का यह संयुक्त अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। भविष्य में भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान नगर परिषद के प्रवर्तन दस्ता प्रभारी सुबेदार राकेश कुमार, उनकी टीम तथा संबंधित क्षेत्र के जोन प्रभारी भी मौजूद रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...