सीकरराज्य सरकार द्वारा संचालित शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत शुक्रवार को प्रमुख शासन सचिव, आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्धा एवं होम्योपैथी विभाग तथा जिला प्रभारी सचिव सुबीर कुमार ने सीकर जिले में विभिन्न सेवा शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया, लाभार्थियों को पट्टे वितरित किए और अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रभारी सचिव ने कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की परिवेदनाओं को संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

ग्रामीण सेवा शिविरों में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

सुबीर कुमार ने खंडेला क्षेत्र की ग्राम पंचायत कांसरड़ा तथा पलसाना पंचायत समिति की ग्राम पंचायत रैवासा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार एवं प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शिविर में पात्र लाभार्थियों को आवासीय पट्टे भी वितरित किए।

नगर परिषद सीकर में किया शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण

इसके बाद जिला प्रभारी सचिव ने नगर परिषद सीकर में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को पट्टे वितरित किए और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र व्यक्तियों के लंबित आवेदनों का शीघ्र परीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

व्यवस्थाओं की सराहना, पारदर्शी सेवाओं पर जोर

प्रभारी सचिव ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक तक सरकारी योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सेवा शिविर आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर परिषद सीकर में की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। इस अवसर पर नगर परिषद के वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा, शिविर प्रभारी पूनम महला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...