शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के उद्देश्य से सीकर नगर परिषद ने शुक्रवार को रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान रेहड़ी-ठेला संचालकों द्वारा किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाकर यात्रियों और आमजन के लिए मार्ग को सुगम बनाया गया।
यह कार्रवाई जिला कलेक्टर आशीष मोदी के निर्देश तथा नगर परिषद के वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा के नेतृत्व में की गई।
प्रवर्तन दस्ते ने हटाए अस्थायी अतिक्रमण
अभियान का नेतृत्व अतिक्रमण प्रभारी प्रमोद सोनी ने किया। नगर परिषद के प्रवर्तन दस्ते ने रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर लगे अस्थायी अतिक्रमण हटाए।
इस दौरान प्रवर्तन दस्ते के सुबेदार राकेश कुमार, संबंधित जोन प्रभारी तथा नगर परिषद के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी
कार्रवाई के दौरान रेहड़ी-ठेला संचालकों को सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। नगर परिषद ने स्पष्ट किया कि नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
शहर को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने पर जोर
वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा ने कहा कि रेलवे स्टेशन शहर का प्रमुख प्रवेश द्वार है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है। ऐसे स्थानों पर अतिक्रमण से यातायात प्रभावित होता है, दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है तथा सार्वजनिक हित के कार्यों में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
शहरभर में जारी रहेगा अभियान
नगर परिषद ने बताया कि रेलवे स्टेशन के अलावा बस स्टैंड, मुख्य बाजारों, प्रमुख चौराहों और अन्य सार्वजनिक मार्गों पर भी अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। परिषद ने सभी रेहड़ी-ठेला संचालकों और व्यापारियों से निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय संचालित करने और अभियान में सहयोग करने की अपील की है।






