सीकर, शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और मास्टर प्लान के अनुरूप सड़क नेटवर्क विकसित करने की दिशा में नगर परिषद सीकर ने गुरुवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया। वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा के निर्देश पर बसंत विहार से विनायक हॉस्पिटल के पास पूर्व दिशा की ओर 30 फीट सड़क चौड़ाईकरण के लिए मौके पर निशानदेही की गई।
केला गोदाम से गहलोत मोटर्स तक चौड़ी होगी सड़क
नगर परिषद के अनुसार प्रस्तावित सड़क केला गोदाम से होते हुए गहलोत मोटर्स तक मास्टर प्लान एवं जोनल प्लान के अनुरूप विकसित की जाएगी। सड़क चौड़ी होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम होने के साथ भविष्य के शहरी विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
अतिक्रमणों की हुई निशानदेही
गठित टीम ने बसंत विहार से पूर्व दिशा में केला गोदाम होते हुए गहलोत मोटर्स तक सार्वजनिक मार्ग में आने वाले अवैध निर्माण और अतिक्रमणों की निशानदेही की।
कार्रवाई के दौरान सहायक नगर नियोजक नरेन्द्र कुमार नट, सहायक अभियंता विकास मिश्रा, कनिष्ठ अभियंता (विद्युत) दीपिका पारीक, कनिष्ठ अभियंता निधि चौधरी, संबंधित जोन निरीक्षक, नगर परिषद का प्रवर्तन दस्ता तथा सुबेदार राकेश अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।
जनसहयोग की अपील
वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा ने कहा कि नगर परिषद शहर की प्रमुख सड़कों का चरणबद्ध तरीके से चौड़ाईकरण कर रही है, ताकि नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि यह कार्य केवल वर्तमान जरूरतों को नहीं, बल्कि भविष्य की यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी का निर्माण सार्वजनिक मार्ग में आ रहा है तो वे उसे स्वेच्छा से हटाकर शहर के सुनियोजित विकास में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नगर परिषद मास्टर प्लान के अनुरूप सड़क चौड़ाईकरण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रखेगी।






