हर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद सीकर ने सोमवार को सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत पोलोग्राउंड स्थित झूलेलाल मंदिर से रामपुरा रोड तक 40 फीट सड़क चौड़ीकरण कार्य शुरू कर दिया।
नगर परिषद के अनुसार, इस मार्ग पर पहले ही नियमानुसार अतिक्रमण चिन्हित किए जा चुके थे। इसके बाद वार्डवासियों और संपत्ति धारकों ने परिषद के आह्वान पर सकारात्मक सहयोग करते हुए स्वेच्छा से अपने अतिक्रमण हटा दिए, जिससे सड़क चौड़ीकरण का कार्य बिना किसी बाधा के शुरू हो सका।
मास्टर प्लान के अनुरूप हो रहा विकास कार्य
नगर परिषद के वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा ने बताया कि शहर के मास्टर प्लान के अनुरूप सड़क चौड़ीकरण और यातायात सुधार से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि शहर के विकास और जनहित के कार्यों में आगे भी इसी प्रकार सहयोग करें, ताकि आमजन को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
जनसहभागिता की नगर परिषद ने की सराहना
नगर परिषद ने सड़क चौड़ीकरण अभियान में सहयोग करने वाले वार्डवासियों और संपत्ति धारकों की सराहना करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही शहर का समग्र और सुनियोजित विकास संभव है।
परिषद का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण पूरा होने के बाद इस क्षेत्र में यातायात अधिक सुचारु होगा और लोगों को जाम तथा आवागमन संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी।






