सीकर। राज्य सरकार की ग्रामीण सेवा शिविर-2026 पहल के तहत ग्राम पंचायत जोरावर नगर में आयोजित शिविर के दौरान राजस्व विभाग ने एक महत्वपूर्ण प्रकरण का मौके पर ही निस्तारण करते हुए करीब 70 बीघा भूमि का सहमति से विभाजन कर राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज किया। इससे 24 खातेदारों को लंबे समय से चली आ रही भूमि संबंधी परेशानियों से राहत मिली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेजपाल हरितवाल पुत्र प्रभातीलाल हरितवाल, निवासी ग्राम सीमारला जागीर, ने अपने खाते की भूमि का आपसी सहमति से विभाजन कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था।
मौके पर पूरी हुई राजस्व कार्रवाई
शिविर प्रभारी के निर्देश पर पटवारी सुप्यार देवी और गिरदावर रामगोपाल ने आवश्यक राजस्व प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद तहसीलदार स्नेहलता राजोरिया ने मौके पर ही संपूर्ण कार्रवाई संपन्न कर राजस्व रिकॉर्ड में सहमति विभाजन के आदेश जारी किए।
24 खातेदारों को मिला लाभ
इस कार्रवाई के तहत लगभग 70 बीघा पक्की भूमि का विभाजन किया गया। इसमें कुल 24 खातेदार शामिल थे, जिनमें 15 जाट और 9 अहीर समुदाय के खातेदार हैं।
राजस्व रिकॉर्ड में समय पर विभाजन दर्ज होने से खातेदारों को भूमि स्वामित्व से जुड़े लंबित मामलों और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सुविधा मिलेगी।
सरकार की पहल की सराहना
प्रकरण के निस्तारण के बाद परिवादी सहित अन्य खातेदारों ने राजस्व विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के माध्यम से राजस्व सेवाएं गांव स्तर पर उपलब्ध कराने की राज्य सरकार की पहल की सराहना करते हुए राहत मिलने पर संतोष जताया।






