आज सीकर की 10 ग्राम पंचायतों में लगेंगे ग्रामीण सेवा शिविर, मौके पर होगा समस्याओं का समाधान
राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत सोमवार, 27 जुलाई को सीकर जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राकेश कुमार मीणा ने बताया कि जिले की विभिन्न पंचायत समितियों के ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शिविर आयोजित होंगे।
आज इन ग्राम पंचायतों में होंगे शिविर
27 जुलाई को निम्न ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे
- पिपराली पंचायत समिति: मलकेडा
- खण्डेला पंचायत समिति: रोयल, मलिकपुर
- लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति: बठोठ
- नीमकाथाना पंचायत समिति: मावण्डा कला, श्यामपुरा
- श्रीमाधोपुर पंचायत समिति: फुटाला, पीथलपुर
- दांतारामगढ़ पंचायत समिति: बनाथला, गनोडा
- रामगढ़ शेखावाटी पंचायत समिति: हुडेरा
कई विभागों के अधिकारी रहेंगे मौजूद
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने बताया कि शिविरों में राजस्व, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, कृषि, चिकित्सा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।
इन शिविरों में आमजन की शिकायतों और समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।






