सीकर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने विभागीय योजनाओं के लाभार्थियों की सुविधा के लिए ‘समाधान साथी’ नाम से एक व्हाट्सएप चैटबॉट शुरू किया है। इसके माध्यम से लाभार्थी अब घर बैठे अपनी आवेदन स्थिति, भुगतान और योजनाओं से संबंधित अन्य जानकारी सीधे व्हाट्सएप पर प्राप्त कर सकेंगे।
विभाग की उपनिदेशक प्रियंका पारीक ने बताया कि यह सुविधा विशेष रूप से उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और पालनहार योजना के लाभार्थियों के लिए शुरू की गई है।
आवेदन की स्थिति और भुगतान की मिलेगी जानकारी
उन्होंने बताया कि लाभार्थी व्हाट्सएप नंबर 7690080055 पर ‘समाधान साथी’ चैटबॉट का उपयोग कर अपनी आवेदन संख्या दर्ज करेंगे। इसके बाद उन्हें आवेदन की वर्तमान स्थिति, भुगतान की जानकारी और संबंधित योजना से जुड़ी अन्य आवश्यक सूचनाएं तुरंत व्हाट्सएप पर उपलब्ध हो जाएंगी।
लाभार्थियों को मिलेगी बड़ी सुविधा
विभाग का मानना है कि इस डिजिटल सुविधा से लाभार्थियों को कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होगी और योजनाओं से संबंधित जानकारी आसानी से और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध हो सकेगी।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने पात्र लाभार्थियों से इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है।





