सीकर शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारु और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद सीकर और यातायात पुलिस ने शुक्रवार को संयुक्त अभियान चलाया। जिला कलक्टर आशीष मोदी के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत के मार्गदर्शन में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नई यातायात व्यवस्था लागू करने के साथ-साथ अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की गई।

बस डिपो क्षेत्र में लागू हुआ नया वन-वे रूट

नगर परिषद के अतिक्रमण प्रभारी प्रमोद सोनी और यातायात प्रभारी टीआई मनोज कुमार के नेतृत्व में रोडवेज बस डिपो क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए नई व्यवस्था लागू की गई।

नई व्यवस्था के तहत बस डिपो की ओर आने वाले वाहनों को एशियन पेंट्स वाली गली से होते हुए देवीपुरा बालाजी मंदिर के पास वन-वे मार्ग से गुजरने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए आवश्यक संकेतक बोर्ड भी लगाए गए हैं, ताकि बस डिपो तिराहे पर यातायात अधिक व्यवस्थित रह सके।

पिपराली सर्किल पर बसों के लिए अलग-अलग स्टॉप

यातायात जाम की समस्या को कम करने के लिए पिपराली सर्किल पर भी नई व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत झुंझुनूं की ओर जाने वाली रोडवेज बसों के लिए सर्किल से लगभग 100 मीटर आगे अलग बस स्टॉप निर्धारित किया गया है।

इसी तरह जयपुर की ओर जाने वाली बसों के लिए भी अलग बस स्टैंड चिन्हित कर संकेतक लगाए गए हैं। बस डिपो तिराहे पर भी दिशा-निर्देश संबंधी बोर्ड लगाए गए हैं।

नियमों के पालन की अपील

यातायात प्रभारी टीआई मनोज कुमार ने कहा कि शहर में बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए वैज्ञानिक ट्रैफिक प्रबंधन की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल की गई है। उनका कहना है कि नई व्यवस्था से बस डिपो तिराहा, पिपराली सर्किल और आसपास के क्षेत्रों में जाम की समस्या कम होगी तथा लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिलेगा।

उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित रूट, संकेतक बोर्ड और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

अतिक्रमण के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

अतिक्रमण प्रभारी प्रमोद सोनी ने कहा कि यातायात बाधित करने वाले अवैध अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। नगर परिषद और यातायात पुलिस ऐसे स्थानों पर संयुक्त अभियान लगातार चलाएंगे, जहां अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता है।

उन्होंने दुकानदारों, रेहड़ी-ठेला संचालकों और आमजन से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात सुधार और अतिक्रमण नियंत्रण का यह संयुक्त अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...