सीकर नगर विकास न्यास (यूआईटी), सीकर ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम राधाकिशनपुरा और चारण का बास क्षेत्र में विकसित 7 अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया। अभियान के दौरान करीब 15 हेक्टेयर भूमि पर किए गए अवैध विकास को ध्वस्त कर दिया गया।

पिलर, सड़कें और चारदीवारी हटाई गई

यूआईटी के प्रवर्तन दस्ते ने अभियान के दौरान अवैध कॉलोनियों में निर्मित पिलर, सड़कें और चारदीवारी को ध्वस्त किया। यह कार्रवाई अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

सरकारी खर्च की होगी वसूली

नगर विकास न्यास के अनुसार, कार्रवाई में हुए सरकारी व्यय का आकलन कर संबंधित खातेदारों और भू-धारकों से इसकी वसूली राजस्थान सरकारी मतालबा वसूली अधिनियम, 1952 के प्रावधानों के तहत उनकी चल एवं अचल संपत्तियों से की जाएगी।

भूखंड खरीदने से पहले बरतें सावधानी

यूआईटी ने आमजन से अपील की है कि वे केवल नगर विकास न्यास, सीकर द्वारा अनुमोदित आवासीय योजनाओं में ही भूखंड खरीदें। साथ ही भवन निर्माण शुरू करने से पहले नियमानुसार निर्माण स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें।

अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

नगर विकास न्यास ने स्पष्ट किया है कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से कॉलोनियां विकसित करने वाले भू-माफियाओं के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। भविष्य में भी ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...