सीकर जिला सैनिक कल्याण कार्यालय ने पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं तथा सैनिक परिवारों के लिए वीरांगना छात्रावास और आवासीय सुविधा हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल अनिल कुमार पुनिया (सेवानिवृत्त) ने बताया कि पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित शर्तों के अनुसार रियायती दर पर आवास उपलब्ध कराया जाएगा।
छात्रावास में 750 रुपये प्रतिमाह पर मिलेगी सुविधा
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी के अनुसार पूर्व सैनिकों, उनकी विधवाओं तथा सेवारत सैनिकों के बच्चों (केवल लड़कों) के लिए संचालित वीरांगना छात्रावास (बॉयज हॉस्टल) में 15 से 25 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों को 750 रुपये प्रतिमाह की रियायती दर पर आवास उपलब्ध कराया जाएगा।
यह सुविधा उन छात्रों के लिए है जो किसी विद्यालय, महाविद्यालय या निजी कोचिंग संस्थान में अध्ययनरत हैं। छात्रावास में निःशुल्क वाई-फाई, आवश्यक फर्नीचर से सुसज्जित कमरे तथा 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।
वीरांगना आवास में भी मिलेगी अस्थायी आवास सुविधा
वीरांगना आवास में वीरांगनाओं, 50 प्रतिशत से अधिक युद्ध विकलांग सैनिकों की पत्नियों, फिजिकल कैज्यूलिटी सैनिकों की पत्नियों तथा पूर्व सैनिकों की विधवाओं को अस्थायी आवास सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
पात्रता के अनुसार, जिनके 15 वर्ष से कम आयु के बच्चे सीकर के किसी शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत हैं, उन्हें आवश्यक फर्नीचर से सुसज्जित 1 बीएचके फ्लैट उपलब्ध कराया जाएगा।
ये होंगी पात्रता की शर्तें
आवेदक या उनके सास-ससुर के नाम सीकर जिला मुख्यालय पर स्वयं का मकान नहीं होना चाहिए। साथ ही आवेदक किसी सरकारी सेवा में कार्यरत नहीं होना चाहिए।
इच्छुक अभ्यर्थी जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, सीकर से आवेदन पत्र प्राप्त कर आवश्यक दस्तावेजों सहित कार्यालय में जमा करा सकते हैं। प्राप्त आवेदनों की जांच एवं निर्धारित वरीयता के आधार पर अंतिम चयन सैनिक कल्याण विभाग, जयपुर के निदेशक द्वारा किया जाएगा।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, सीकर अथवा प्रभारी छात्रावास से संपर्क कर सकते हैं।






