सीकर शहर के शिवसिंहपुरा क्षेत्र में 4 और 5 अगस्त 2026 को पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) ने बताया कि विद्युत विभाग द्वारा 11 केवी फीडर के संधारण कार्य के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी, जिससे संबंधित उच्च जलाशयों से जल वितरण नहीं हो सकेगा।
पीएचईडी ने प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से आवश्यकतानुसार पहले से पानी का भंडारण करने की अपील की है।
बिजली रखरखाव कार्य का पड़ेगा असर
पीएचईडी खंड-सीकर के अधिशाषी अभियंता रामकुमार चाहिल ने बताया कि विद्युत विभाग के रखरखाव कार्य के चलते वीर तेजा कॉलोनी, जगदंबा कॉलोनी तथा पिपराली रोड स्थित उच्च जलाशयों से होने वाली जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।
बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण इन जलाशयों से नियमित जल वितरण संभव नहीं हो पाएगा।
इन क्षेत्रों में रहेगी पेयजल आपूर्ति प्रभावित
विभाग के अनुसार 4 और 5 अगस्त को निम्न क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी—
- वीर तेजा कॉलोनी स्थित उच्च जलाशय से जुड़े क्षेत्र
- जगदंबा कॉलोनी स्थित उच्च जलाशय से जुड़े क्षेत्र
- पिपराली रोड स्थित उच्च जलाशय से कैलाश नगर क्षेत्र में होने वाली जलापूर्ति
लोगों से सहयोग की अपील
पीएचईडी ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित अवधि के दौरान पानी का संतुलित उपयोग करें तथा आवश्यकतानुसार पहले से पर्याप्त पानी संग्रहित कर लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके। विभाग ने बताया कि संधारण कार्य पूर्ण होने के बाद पेयजल आपूर्ति पुनः सामान्य कर दी जाएगी।






