सीकर जिला कलेक्ट्रेट में सोमवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राकेश कुमार मीणा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में राजस्थान संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों, राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, हरियालो राजस्थान अभियान, ओबीसी सर्वे, जनगणना-2027 की तैयारियों सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपर्क पोर्टल पर दर्ज सभी शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
45 दिन से लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश
डॉ. मीणा ने शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, उद्यान, श्रम, खान, आबकारी तथा आरएसआरडीसी विभागों के 45 दिन से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का तत्काल निस्तारण कर अगली समीक्षा बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को समान नागरिक संहिता (यूसीसी) से संबंधित क्यूआर कोड के अधिकाधिक उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।
हरियालो राजस्थान अभियान और जनगणना की तैयारियों पर जोर
हरियालो राजस्थान अभियान की समीक्षा के दौरान सभी विभागों को अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा पौधों की सुरक्षा और नियमित सिंचाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उपवन संरक्षक दीपक कुमार ने बताया कि जिले में 31 लाख 34 हजार 941 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके मुकाबले अब तक 1 लाख 34 हजार 194 पौधे लगाए जा चुके हैं।
बैठक में 15 जुलाई से शुरू होने वाले जनगणना-2027 प्रशिक्षण कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मौसमी बीमारियों और फ्लैगशिप योजनाओं की भी समीक्षा
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक महरिया ने मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए एंटी-लार्वा गतिविधियों को प्रभावी बनाने तथा विद्यालयों में प्रत्येक शनिवार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया।
वहीं, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने कुसुम-सी, लाडो प्रोत्साहन योजना, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान और पंच गौरव कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने रसीदपुरा में प्याज प्रसंस्करण (पोस्ट हार्वेस्ट) यूनिट और कोल्ड स्टोरेज विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए।
पोर्टल पर लंबित रिपोर्ट जल्द अपलोड करने के निर्देश
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) भावना शर्मा ने मुख्यमंत्री कार्यालय, मानवाधिकार आयोग और राजकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को लाइट्स पोर्टल पर अनुपालना रिपोर्ट और आवश्यक दस्तावेज समय पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
बैठक में यूआईटी सचिव जे.पी. गौड़, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शीशराम यादव, सहायक निदेशक इंदिरा शर्मा, नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





