सीकर।राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन (एनयूएचएम) के तहत संचालित स्वास्थ्य गतिविधियों की समीक्षा को लेकर मंगलवार को स्वास्थ्य भवन, सीकर में मासिक बैठक आयोजित की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक महरिया के निर्देशानुसार आयोजित बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तय समयसीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एएनसी पंजीकरण, एनसीडी स्क्रीनिंग, मौसमी बीमारियों की रोकथाम, नियमित टीकाकरण तथा जोखिमपूर्ण गर्भवती महिलाओं की पहचान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
PCTS वर्क प्लान के अनुसार कार्य पूरा करने के निर्देश
आरसीएचओ डॉ. विशाल सिंह और एनयूएचएम के डीपीओ प्रदीप चाहर ने शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर (पीएचसी) के प्रभारी अधिकारियों, बीएचएस, लेखा सहायकों और एएनएम से क्षेत्रवार प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करने, लंबित प्रसव और टीकाकरण मामलों को शीघ्र पूरा करने तथा पीसीटीएस (PCTS) वर्क प्लान के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही एएनएम और चिकित्सा अधिकारियों के नियमित फील्ड विजिट पर विशेष जोर दिया गया।
एचपीवी वैक्सीन और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं पर फोकस
बैठक में शिक्षण संस्थान खुलने के बाद 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन लगाने के अभियान में तेजी लाने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा गुणवत्तापूर्ण टीकाकरण सेवाएं, ऑनलाइन हेड काउंट सर्वे, गर्भावस्था एवं प्रसव सेवाओं तथा प्रजनन एवं परिवार नियोजन सेवाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।






