युवतियों ने पार्लर संचालक पर पानी में कथित संदिग्ध पदार्थ मिलाने का लगायाआरोप

चूरू जिले के सादुलपुर कस्बे में एक ब्यूटी पार्लर में काम करने वाली युवतियों ने पार्लर संचालक पर पीने के पानी में कथित रूप से संदिग्ध पदार्थ मिलाने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है।

युवतियों के अनुसार यह घटना 29 जून की है, जबकि उन्होंने गुरुवार को राजगढ़ थाने में लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की।

शिकायत में युवतियों ने बताया कि वे मार्च 2026 से पार्लर में कार्यरत थीं। उनका आरोप है कि कुछ दिनों से उन्हें संचालक की गतिविधियों पर संदेह था। 27 जून को उन्हें लगा कि पीने के पानी में कुछ मिलाया जा रहा है, लेकिन उस समय उनके पास कोई प्रमाण नहीं था।युवतियों का दावा है कि 29 जून को उन्होंने मोबाइल कैमरा चालू कर रखा, जिसमें संचालक पानी में कुछ मिलाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने अपने परिजनों को सूचना दी और पार्लर छोड़ दिया।

मामले में पार्लर संचालक भवानी शंकर खत्री ने आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि पार्लर का कामकाज ठीक नहीं चल रहा था, इसलिए उन्होंने पार्लर में पीली सरसों के दाने रखे और पानी में गंगाजल मिलाया था। उन्होंने किसी भी प्रकार का नशीला पदार्थ मिलाने के आरोप से इनकार किया।
राजगढ़ थाना अधिकारी राजेश सिहाग ने बताया कि युवतियों की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पार्लर संचालक द्वारा कथित रूप से पानी मे क्या मिलाया क्या नही मिलाया इस सम्बंध में हमारा चैनल किसी प्रकार की पुष्टि नही करता है। यह मामला पुलिस जांच के अधीन है। आरोप और संचालक का पक्ष दोनों सामने आए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। चूरू से सुभाष प्रजापत की रिपोर्ट

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...