प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवक का हॉस्टल में मिला शव,सीनियर छात्र पर प्रताड़ना का आरोप
चूरू शहर के पंखा सर्किल स्थित एक प्रतियोगी परीक्षा तैयारी संस्थान के हॉस्टल में रह रहे युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके कमरे में मिला। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर राजकीय भरतिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।कोतवाली थाना प्रभारी गौरव खिड़िया के अनुसार, मृतक की पहचान भवानी शंकर सैनी निवासी सरदारशहर के रूप में हुई है। वह 28 जून 2026 को बैंकिंग प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए चूरू आया था और हॉस्टल में रह रहा था। उसके साथ उसका छोटा भाई भी उसी हॉस्टल में ठहरा हुआ था।
मृतक के चाचा बजरंगलाल सैनी की रिपोर्ट के अनुसार, हॉस्टल में रहने वाला एक सीनियर छात्र कथित रूप से भवानी शंकर को मानसिक रूप से परेशान करता था।रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि घटना वाले दिन भवानी शंकर ने अपने पिता से फोन पर बातचीत के दौरान इस परेशानी का जिक्र किया था। इसके बाद पिता ने हॉस्टल संचालक को भी इसकी जानकारी दी थी।
परिजनों का आरोप है कि भवानी शंकर ने इस संबंध में संस्थान के प्रधान से भी शिकायत की थी, लेकिन शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उसे ही दोषी ठहराया गया।इन आरोपों के आधार पर पुलिस ने संबंधित आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। चूरू से सुभाष प्रजापत की रिपोर्ट






