डीटीओ इंस्पेक्टर रोबिन सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
चूरू परिवहन विभाग ने गुरुवार को फर्जी नंबर प्लेट लगाकर संचालित हो रही बसों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही पंजीकरण नंबर का इस्तेमाल कर रही तीन बसों को जब्त कर लिया। यह कार्रवाई डीटीओ इंस्पेक्टर रोबिन सिंह के नेतृत्व में चूरू-झुंझुनूं बाईपास मार्ग पर की गई।
प्रारंभिक जांच में तीनों बसों पर एक ही नंबर फर्जी तरीके से अंकित पाया गया। जांच के दौरान परिवहन विभाग ने मौके पर ही तीनों बसों को सीज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। डीटीओ इंस्पेक्टर रोबिन सिंह ने बताया कि जब्त की गई तीन बसों में से एक बस एक निजी स्कूल से, जबकि अन्य दो बसें मार्ग पर संचालन के दौरान पकड़ी गईं। जांच में सामने आया कि तीनों वाहनों पर एक ही नंबर प्लेट का उपयोग किया जा रहा था, जो नियमों का गंभीर उल्लंघन है।
अब वाहनों के दस्तावेजों और पंजीकरण संबंधी रिकॉर्ड की विस्तृत जांच की जा रही है।परिवहन विभाग के अनुसार तीनों बसों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत करीब 15 से 20 लाख रुपये तक का जुर्माना प्रस्तावित किया गया है। साथ ही बस मालिक के खिलाफ फर्जी दस्तावेज और फर्जी नंबर प्लेट के उपयोग को लेकर धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज कराया जाएगा।
डीटीओ इंस्पेक्टर रोबिन सिंह ने कहा कि फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाना कानून का गंभीर उल्लंघन है। इससे दुर्घटना या अपराध की स्थिति में वाहन की पहचान करना मुश्किल हो जाता है।उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में ऐसे वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।






