ऑनलाइन गेम की आड़ में साइबर ठगी, दो हवेलियों पर छापा
चूरू जिले के हमीरवास थाना पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एविएटर गेम के नाम पर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने रावतसर कुंजला गांव की दो हवेलियों पर एक साथ दबिश देकर 17 युवकों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 91 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, वाई-फाई उपकरण, चार्जर सहित अन्य डिजिटल सामग्री जब्त की गई है। जब्त मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस अब बरामद डिजिटल उपकरणों की तकनीकी जांच कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
दो हवेलियों पर एक साथ मारा छापा
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई आईपीएस अभिजीत पाटिल के सुपरविजन तथा हमीरवास थाना प्रभारी राय सिंह सुथार के नेतृत्व में गठित टीम ने की। सूचना मिली थी कि रावतसर कुंजला गांव के खड़ेर क्षेत्र स्थित दो हवेलियों में ऑनलाइन गेमिंग की आड़ में साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने दोनों ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर मौके से 17 युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
एविएटर गेम के नाम पर ऐसे करते थे ठगी
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी एविएटर गेम के जरिए लोगों को कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का लालच देते थे। इसके बाद विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म, इंटरनेट कनेक्शन और मोबाइल फोन के माध्यम से कथित रूप से ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिया जाता था।
पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
डिजिटल जांच से खुल सकते हैं बड़े राज
कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए 91 एंड्रॉयड मोबाइल, वाई-फाई राउटर, चार्जर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फोरेंसिक एवं तकनीकी जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस अब मोबाइल डेटा, बैंक खातों, यूपीआई ट्रांजैक्शन, सोशल मीडिया अकाउंट और कॉल रिकॉर्ड की जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि गिरोह के तार अन्य जिलों और राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं।
जांच पूरी होने के बाद इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।






