हाई सिक्योरिटी इलाके में तनिष्क शोरूम पर धावा, गार्ड और स्टाफ ने बदमाशों के मंसूबे किए नाकाम
सीकर शहर के पॉश इलाके में स्थित तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में रविवार को दिनदहाड़े लूट की कोशिश का मामला सामने आया। आरोप है कि पहले कुछ बदमाश ग्राहक बनकर शोरूम में पहुंचे और खरीदारी का नाटक करने लगे। इसके बाद उनके अन्य साथी अंदर आए और कर्मचारियों व ग्राहकों पर बंदूक तान दी। हालांकि शोरूम के सुरक्षा गार्ड और कर्मचारियों ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का मुकाबला किया, जिससे वारदात नाकाम हो गई।
सायरन बजने पर आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस कंट्रोल रूम के सामने स्थित तनिष्क शोरूम की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीन युवक पहले ग्राहक बनकर शोरूम में पहुंचे और खरीदारी का बहाना करने लगे। कुछ देर बाद उनके अन्य साथी भी अंदर आ गए। आरोप है कि इसके बाद बदमाशों ने हथियार निकालकर ग्राहकों और कर्मचारियों को धमकाना शुरू कर दिया।
शोरूम के सुरक्षा गार्ड मोहम्मद सदीक के अनुसार, सबसे पहले एक बाइक सवार युवक शोरूम के बाहर चक्कर लगाता रहा और फिर फोन पर अपने साथियों को बुलाया। बाद में वह शोरूम के अंदर आया और सामान्य ग्राहक की तरह व्यवहार करने लगा।गार्ड ने बताया कि कुछ ही देर में 6 से 7 अन्य युवक भी शोरूम में पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने अंदर जाते ही बंदूक तान दी और ग्राहकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान गार्ड ने एक बदमाश से बंदूक छीनने का प्रयास किया।
यह देखकर शोरूम के कर्मचारी भी बदमाशों से भिड़ गए।प्रतिरोध के बीच शोरूम का सुरक्षा सायरन बज उठा। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर हवाई फायरिंग करते हुए कल्याण सर्किल की ओर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बदमाश दो से तीन बाइक और एक काले रंग की कार से आए थे। सभी की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, आरएसी और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शोरूम के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिनमें हथियारबंद युवक दिखाई दे रहे हैं।सीकर एसपी प्रवीण नायक ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूरे जिले में ‘ए’ श्रेणी की नाकाबंदी करवाई गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही हैं।
जिस इलाके में यह वारदात हुई, उसे शहर का सबसे सुरक्षित और वीआईपी क्षेत्र माना जाता है। शोरूम के ठीक सामने पुलिस कंट्रोल रूम और पुलिस लाइन स्थित है। वहीं करीब 200 मीटर की दूरी पर कलेक्टर और एसपी के सरकारी आवास हैं। आसपास एडीएम सिटी, जिला जज और अन्य न्यायिक अधिकारियों के आवास भी मौजूद हैं। ऐसे हाई सिक्योरिटी क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की कोशिश की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ब्यूरो रिपोर्ट सीकर






