जबरदस्त टक्कर में एसआई समेत पांच घायल
चूरू जिले के सुजानगढ़ में बुधवार देर शाम सदर थाना क्षेत्र में मेगा हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान एक कैंपर वाहन और पुलिस की गाड़ी की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में सदर थाना की एसआई गीता रानी और चालक कांस्टेबल देवाराम सहित पांच लोग घायल हो गए।
पुलिस ने कैंपर चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, सदर थाना के पास नाकाबंदी के दौरान कैंपर वाहन को संदिग्ध मानते हुए रुकने का इशारा किया गया था। आरोप है कि चालक ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया और पुलिस वाहन को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि कैंपर पलट गई, जबकि पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस के अनुसार, कैंपर में सवार कमलेश (26) निवासी मूंडवाड़ा (सीकर), अशोक मीणा (24) निवासी सांगरवा, रानोली (सीकर) तथा रमन (23) निवासी चंदपुरा (सीकर) घायल हो गए। इनमें तीनों घायलों को राजकीय बगड़िया अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया।कैंपर चालक राकेश, निवासी कटराथल (सीकर), को इस घटना में चोट नहीं आई।
पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी मुकुट बिहारी मीणा, कोतवाली सीआई मुकेश सिंह और डीएसपी दरजाराम सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को क्रेन की सहायता से सदर थाने पहुंचाया गया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाने में स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी सहयोग किया।






