यह खबर लगातार अपडेट हो रही है —-
रतनगढ़ (चूरू) | चूरू जिले के रतनगढ़ उपखंड के भानुदा गांव में बुधवार सुबह एक सेना का विमान क्रैश हो गया। हादसे में विमान के पायलट की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने प्लेन गिरने की तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर प्रशासन को सूचना दी।
पुलिस और सेना की टीमें मौके पर
सूचना मिलते ही रतनगढ़ पुलिस की टीमों को रवाना किया गया। कुछ ही देर में स्थानीय प्रशासन, पुलिस और सेना के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए।
पायलट का शव बरामद, शिनाख्त जारी
प्रारंभिक जांच में यह विमान भारतीय सेना का प्रशिक्षण विमान बताया जा रहा है। पायलट का शव घटनास्थल से बरामद कर लिया गया है, जिसकी शिनाख्त की जा रही है।
ग्रामीणों में दहशत, जांच के बाद खुलेंगे कारण
प्लेन क्रैश की घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। कई ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने पहले विमान की गड़गड़ाहट सुनी, फिर जोरदार धमाके की आवाज आई। घटना के ठोस कारणों का पता फिलहाल नहीं चला है। अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
