Hindi News / Accident News (दुर्घटना समाचार) – Latest News / पर्यावरण को बचाने के लिए कार्यकर्ताओं की बैठक

पर्यावरण को बचाने के लिए कार्यकर्ताओं की बैठक

आदर्श समाज समिति इंडिया के तत्वाधान में

सूरजगढ़, आज रविवार को आदर्श समाज समिति इंडिया के तत्वाधान में पर्यावरण को बचाने के लिए धर्मपाल गांधी की अध्यक्षता में बैठक संपन्न हुई। बैठक में आदर्श समाज समिति इंडिया के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में हो रही अंधाधुंध हरे पेड़ों की कटाई को तुरंत प्रभाव से रोकने पर जोर दिया। आदर्श समाज समिति इंडिया के संरक्षक मनजीत सिंह तंवर ने कहा कि झुन्झुनूं जिले में सबसे ज्यादा हरे पेड़ों की कटाई हो रही है। चिड़ावा, पिलानी, सूरजगढ़ क्षेत्र में काफी समय से हरे पेड़ों की कटाई हो रही है। पुलिस प्रशासन की मिलीभगत से हर रोज हरी लकड़ियों से भरी पिकअप गाड़ियां हरियाणा में जा रही हैं। प्रशासन द्वारा हरे पेड़ों की कटाई पर कोई एक्शन नहीं लिया जा रहा है। हरी लकड़ियों का गोरख धंधा काफी लंबे समय से चल रहा है। इन वर्षों में हरे पेड़ों की कटाई बड़े स्तर पर हो रही है। प्रशासन ने क्यों आंखें बंद कर रखी हैं? यह बहुत बड़ा सवाल है। आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गांधी ने कहा कि प्रकृति हमें पर्यावरण के प्रति आगाह कर रही है। लेकिन हम सावधान होने की बजाय लापरवाह होते जा रहे हैं। आज पर्यावरण एक जरूरी सवाल ही नहीं बल्कि ज्वलंत मुद्दा है। पृथ्वी के तत्वों के संयोजन को बनाये रखने के लिए एकमात्र उपाय है कटते हुए पेड़ों को बचाया जाये और अधिक से अधिक वृक्षारोपण किया जाये। एक ओर कुछ लोग पर्यावरण को बचाने के लिए पेड़ पौधे लगा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर पर्यावरण के दुश्मन भ्रष्ट अधिकारियों की बदौलत हरे पेड़ों की अंधाधुंध कटाई कर रहे हैं। पर्यावरण की भयावह स्थिति और असंतुलित दशा को देखते हुए पर्यावरण संरक्षण को जन आन्दोलन का रूप देना होगा और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए हरे पेड़ों की कटाई को तुरंत प्रभाव से रोकना होगा। क्षेत्र में हो रही हरे पेड़ों की अंधाधुंध कटाई को रोकने के लिए समिति का एक प्रतिनिधि मंडल जिला कलेक्टर झुंझुनू से मुलाकात करेगा। समिति द्वारा हरे पेड़ों की कटाई को रोकने के लिए हर संभव प्रयास किया जायेगा। बैठक में वैद्य जय प्रकाश स्वामी, प्रताप सिंह तंवर, ओमप्रकाश भड़िया, मनजीत सिंह तंवर, धर्मपाल गांधी, राजेंद्र कुमार, अशोक कुमार, रवि कुमार आदि ने भाग लिया।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur