Hindi News / Accident News (दुर्घटना समाचार) – Latest News / सड़क हादसे में महिला की मौत, 8 लोग घायल

,

सड़क हादसे में महिला की मौत, 8 लोग घायल

चूरू,[सुभाष प्रजापत ] जिले के दूधवाखारा थाना क्षेत्र में चारणों की ढाणी के पास कुबेर होटल के सामने बुधवार रात श्रद्धालुओं की बस के पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई। हादसे में 8 लोग घायल हो गए। तीन गंभीर घायल महिलाओं को प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर दूधवाखारा थानाधिकारी रतनलाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जिन्होंने घायलों को 108 एम्बुलेंस से डीबी अस्पताल पहुंचाया।

दूधवाखारा थानाधिकारी रतनलाल सहरिया ने बताया कि बुधवार रात सूचना मिली कि एनएच 52 पर चारणों की ढाणी और दूधवाखारा के बीच कुबेर होटल के सामने सड़क किनारे श्रद्धालुओं की बस खड़ी थी। जहां कुछ श्रद्धालु बस के पास बैठे थे और कुछ चाय पीने के लिए गए थे। तभी चूरू की ओर से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बस के पीछे की साइड नीचे बैठी महिला को टक्कर मारी और इसके बाद ट्रक ने बस को टक्कर मारी। हादसे में एटा (उतर प्रदेश) निवासी कमलेश देवी (50) की मौत हो गई। हादसे में घायलों को तुरंत डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया, जहां मौजूद डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ ने इलाज किया। हादसे में एटा निवासी रंजना (24), शांति देवी (59) और भावना (30) को गंभीर चोट आई है। जिनको प्राथमिक इलाज के बाद बीकानेर रेफर कर दिया। इसके अलावा एटा निवासी रेखा (30), करण (37), धन्नी देवी (56), प्रिंसी (28) और लता (17) घायल हो गए। जिनका डीबी अस्पताल में इलाज किया गया। थानाधिकारी ने बताया कि परिजनों की ओर से रिपोर्ट दर्ज होने के बाद महिला के शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। अस्पताल में एटा निवासी प्रमोद कुमार (53) ने बताया कि वह परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों के साथ बस लेकर उतर प्रदेश से दो सितम्बर की शाम को निकले थे। जहां से वह पहले सालासर बालाजी के दर्शन करने गए। दर्शन करने के बाद उन्होंने खाटू श्याम बाबा के दर्शन किए। चार सितम्बर की रात नौ बजे खाटू से रवाना हुए थे। इसके बाद वे ददरेवा में गोगाजी महाराज के दर्शन कर हनुमानगढ़ गोगामेड़ी जाने वाले थे, लेकिन इससे पहले ही यह हादसा हो गया। हादसे में प्रमोद कुमार की पत्नी कमलेश की मौत हो गई। इनके साथ दो बेटी प्रिंसी और लता भी साथ थे।

ट्रक और बस को किया जब्त

दूधवाखारा थानाधिकारी रतनलाल सहरिया ने बताया कि पुलिस ने हादसे के बाद बस और ट्रक दोनों को जब्त कर लिया है। ट्रक में गोविन्दगढ़ पंजाब की मंडी से स्क्रैप भरा हुआ था। जो राजगढ़ की ओर जा रहा था। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। जिसकी तलाश की जा रही है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur