चूरू जिले के रतनगढ़ में पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से देशी कट्टा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, एएसआई राजेंद्रसिंह शनिवार देर रात पुलिस जाप्ते के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान जब टीम संगम चौराहा पहुंची, तब मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है और भागने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत भोजासर गांव पहुंची।
पुलिस को देखकर भागने लगा युवक
गांव में पहुंचते ही एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम सुखबीर सिंह पुत्र कानसिंह राजपूत (25 वर्ष) निवासी भोजासर बताया।
जब पुलिस ने उससे भागने का कारण पूछा, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
तलाशी में मिला देशी कट्टा और कारतूस
इसके बाद पुलिस ने युवक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने तुरंत हथियार और कारतूस को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हथियार कहां से लाया था।




