चूरू/सालासर। जिले में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चूरू पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए दो मनचलों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई डिकॉय ऑपरेशन के तहत की गई, जिसमें पुलिसकर्मी सादा वस्त्रों में निगरानी कर रहे थे।
जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम के निर्देशानुसार जिलेभर में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और एंटी रोमियो स्क्वॉड लगातार गश्त कर रहे हैं।
शैक्षणिक संस्थानों और बाजारों में पुलिस की निगरानी
कोतवाली चूरू पुलिस और एंटी रोमियो स्क्वॉड ने शहर के शैक्षणिक संस्थानों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी अभियान चलाया।
इस दौरान जैन श्वेतांबर स्कूल के पास रिलायंस मॉल के सामने महिलाओं और छात्राओं को आपत्तिजनक इशारे कर रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ा।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद पुलिस ने कसाईयों का मोहल्ला निवासी 43 वर्षीय मोहम्मद कुर्शीद को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।
सालासर में मंदिर के सामने कार्रवाई
इसी तरह सालासर में भी कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीम सादा कपड़ों में तैनात थी।
श्री बालाजी मंदिर के सामने महिलाओं को परेशान और आपत्तिजनक इशारे कर रहे 29 वर्षीय महेंद्र सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया।
पूछताछ के बाद आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।
महिलाओं की सुरक्षा पर पुलिस सख्त
पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अधिकारियों के अनुसार जिले में एंटी रोमियो स्क्वॉड और डिकॉय ऑपरेशन के जरिए ऐसे असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा रही है।
पूरी खबर यहाँ पर मिलेगी – कालिका यूनिट ने बालिकाओं को हेल्पलाइन और साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
पूरी खबर यहाँ पर मिलेगी – रतनगढ़ फायरिंग मामले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़





