Hindi News / Breaking Live / Jhunjhunu News in Hindi, Live News : झुंझुनू न्यूज़ Today for 22 मई @Shekhawatilive

,

Jhunjhunu News in Hindi, Live News : झुंझुनू न्यूज़ Today for 22 मई @Shekhawatilive

झुंझुनूं में टीबी मुक्त भारत अभियान पर सख्ती, लापरवाही पर कार्रवाई चेतावनी

Jhunjhunu News in Hindi, Live News: Jhunjhunu News Today for 22 May @Shekhawatilive

झुंझुनूं जिले में चल रहे 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा के लिए स्टेट नोडल अधिकारी डॉ. एसएन धौलपुरिया झुंझुनूं पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सीएमएचओ कार्यालय में बैठक लेकर जिलेभर के बीपीएम और एनटीईपी फील्ड स्टाफ के कार्यों की समीक्षा की।

बैठक में डब्ल्यूएचओ सलाहकार सुधांशु खत्री ने पीपीटी के माध्यम से अभियान की प्रगति रिपोर्ट और विभिन्न इंडिकेटर्स प्रस्तुत किए।

सिंघाना और बुहाना ब्लॉक पर जताई नाराजगी

समीक्षा के दौरान सिंघाना और बुहाना ब्लॉक में निक्षय आईडी इनरोलमेंट की स्थिति कमजोर पाए जाने पर डॉ. धौलपुरिया ने नाराजगी जताई।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तीन दिन में लंबित कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि समय पर सुधार नहीं होने पर संबंधित कार्मिकों को नोटिस जारी किए जाएंगे।

“100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” डॉ. एसएन धौलपुरिया

236 हाई रिस्क गांवों पर रहेगा विशेष फोकस

डॉ. धौलपुरिया ने जिले के 236 हाई रिस्क गांवों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ओपीडी में आने वाले संभावित टीबी मरीजों की निक्षय आईडी अनिवार्य रूप से बनाई जाए।

इसके साथ ही मरीजों के चेस्ट एक्स-रे और समय पर जांच सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने बीडीके अस्पताल झुंझुनूं और बिरला अस्पताल पिलानी में होने वाले सभी चेस्ट एक्स-रे को निक्षय पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए।

खराब प्रदर्शन पर रुक सकता है इंक्रीमेंट

बैठक में डॉ. धौलपुरिया ने स्पष्ट कहा कि अभियान में कर्मचारियों के प्रदर्शन के आधार पर ही वार्षिक वेतन वृद्धि पर विचार किया जाएगा।

उन्होंने पिछड़े ब्लॉकों के एनटीईपी कार्मिकों के इंक्रीमेंट रोकने के निर्देश जिला क्षय रोग अधिकारी को दिए।

जनप्रतिनिधियों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

अभियान को जनआंदोलन का रूप देने के लिए सांसद, विधायक, यूएलबी और पीआरआई जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

डॉ. धौलपुरिया ने कहा कि हाई रिस्क गांवों में शिविरों से पहले ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और शहरी क्षेत्रों में वार्ड पार्षदों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग लाभ उठा सकें।

“निक्षय मित्र” से मरीजों को मिलेगा पोषण सहयोग

बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को “निक्षय मित्र” के रूप में जोड़ने पर भी जोर दिया गया। इसके तहत टीबी मरीजों को नियमित रूप से पोषण सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी।

बैठक में डिप्टी सीएमएचओ डॉ. भंवरलाल, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. विजय सिंह, डीपीसी आनंद चौधरी सहित जिले के सभी ब्लॉकों के बीपीएम और एनटीईपी स्टाफ मौजूद रहे।

Live Updates
11:30 (IST) 22 May 2026
Jhunjhunu News Update : जयपुर सड़क हादसे में 8 साल के मासूम की मौत, परिजनों ने शव रखकर किया प्रदर्शन

इंडाली रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर में घायल 8 वर्षीय मासूम की जयपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार को शव झुंझुनूं पहुंचने पर परिजनों और बावरिया समाज के लोगों ने हादसा स्थल पर शव रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग उठाई।

11:29 (IST) 22 May 2026
Jhunjhunu News Live : झुंझुनूं गांधी चौक पर ट्रैफिक से राहत, लेकिन ठेला चालकों के सामने रोजी-रोटी का संकट

झुंझुनूं का व्यस्त गांधी चौक अब बदले हुए स्वरूप में नजर आ रहा है। सड़कें खुलने से लोगों को लंबे समय बाद ट्रैफिक जाम से राहत मिली है। हालांकि प्रशासन के फैसले का असर स्थानीय व्यापारियों और ठेला चालकों पर भी पड़ा है। कई लोगों ने राहत जताई, जबकि कुछ ने रोजगार प्रभावित होने की चिंता व्यक्त की।

11:28 (IST) 22 May 2026
Jhunjhunu News Live : कोराका की ढाणी में श्रीमद्भागवत कथा शुरू, कलश यात्रा का ग्रामीणों ने किया स्वागत

खेतड़ी उपखंड की गोबिंददासपुरा ग्राम पंचायत के गांव कोराका की ढाणी में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कथा से पहले गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।

11:27 (IST) 22 May 2026
Jhunjhunu News Live : हरियाणा में भ्रूण लिंग जांच गिरोह का भंडाफोड़, नारनौल टीम ने एक आरोपी को दबोचा

पीसीपीएनडीटी नारनौल की टीम ने हरियाणा में भ्रूण लिंग जांच कराने वाले गिरोह का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान सिंघाना थाना क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। टीम पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

11:26 (IST) 22 May 2026
JhunJhunu News Live : खेतड़ी के पूर्व विधायक मालाराम गुर्जर की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, विकास कार्यों को किया याद

खेतड़ी कस्बे के भोपालगढ़ रोड स्थित सामुदायिक भवन में शुक्रवार को पूर्व विधायक मालाराम गुर्जर की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन मालाराम विकास समिति की ओर से किया गया, जिसमें क्षेत्र के लोगों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विकास कार्यों को याद किया।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur