Hindi News / Churu News (चुरू समाचार) / जमीनी विवाद में महिला को आग में फेंककर जिंदा जलाने का प्रयास

जमीनी विवाद में महिला को आग में फेंककर जिंदा जलाने का प्रयास

चूरू, [सुभाष प्रजापत ] चूरू में जमीन को लेकर हुए झगड़े में महिला को आग में फेंककर जिंदा जलाने का प्रयास किया। मारपीट की सूचना मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को आग से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। महिला की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मामला जिले के भालेरी थाना इलाके के गांव खण्डवा पट्टा पीथीसर का है। अस्पताल में घायल महिला सुनीता (30) ने बताया कि उसके दादा ससुर ने उसे कई साल पहले खेत दिया था। जिसका उन्होंने गांव में पंचायत कर बंटवारा भी किया था। इसके बाद से लगातार 40 साल से वह खेत में काश्त कर रहे हैं। वहां कुआं बनाकर खेतबाड़ी कर रहे हैं, लेकिन परिवार के लोग आए दिन परेशान करते हैं।
महिला ने बताया कि गुरुवार दोपहर 12 बजे वह अपने पशु बांध रही थी। तभी परिवार की फूला देवी, आशा, लिछा, पिंकी, भरत और रामनिवास आए। जिन्होंने उसके साथ लाठी और डंडे से मारपीट की और बाड़ में आग लगा दी। पशुओं को भी आग के बीच से निकाला। उन लोगों ने मारपीट कर महिला को जलते बाड़ में फेंक दिया। महिला ने बताया कि इसी दौरान भालेरी थानाधिकारी जगदीश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जिन्होंने महिला को आग से बाहर निकालकर चुन्नी में लगी आग को बुझाया। पुलिस ने तुरंत महिला को भालेरी पीएचसी में भर्ती करवाया, जहां से गुरुवार रात उसकी तबीयत बिगड़ने पर प्राथमिक इलाज के बाद रात करीब साढ़े 8 बजे चूरू के डीबी अस्पताल रेफर किया। रात को करीब 9 बजे डीबी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।भालेरी थानाधिकारी जगदीश सिंह ने बताया कि गुरुवार को परिवार के दो पक्षों में मारपीट करने की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर देखा तो बाड़ में आग लगी थी। विवाहिता को आग से निकालकर तुरंत भालेरी पीएचसी में भर्ती करवाया। पुलिस ने मारपीट के मामले में दोनों पक्षों से भरत और प्रताप को शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दोनों पक्षों की ओर से कोई लिखित शिकायत अभी तक नहीं मिली है। जैसे ही शिकायत मिलेगी तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur