SP जय यादव की SIT आरोपियों तक पहुंची, गिरफ्तारी की सूचना
बीदासर (चूरू)। नोखा रोड स्थित द रॉयल ट्रीट होटल में हुई सनसनीखेज फायरिंग और शराब कारोबारी मुनीराम मंडा की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
जय यादव (SP चूरू) द्वारा गठित विशेष जांच टीम (SIT) आरोपियों तक पहुंच गई है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना है।
SP ने खुद संभाली मॉनिटरिंग
घटना के बाद SP जय यादव ने स्वयं बीदासर में डेरा डालकर जांच की मॉनिटरिंग की।
सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शराब के धंधे को लेकर चल रहे विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
हिस्ट्रीशीटर पर साजिश का आरोप
पुलिस जांच में बीदासर थाने के हिस्ट्रीशीटर देवी सिंह खेरिया पर षड्यंत्र रचकर हत्या करवाने का आरोप लगा है।
वहीं, राजू नेहरा, धन्नाराम (मोमासर) व एक अन्य आरोपी द्वारा होटल पहुंचकर अंधाधुंध फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है।
इन आरोपियों पर दर्ज है मामला
मामले में सुभाष गोदारा, सद्दाम अली, हाकम अली और कमल खेरिया के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया और संदिग्धों से लगातार पूछताछ की गई।
मौके पर ही हुई थी मौत
गौरतलब है कि देर रात हुई इस फायरिंग में मुनीराम मंडा की मौके पर ही मौत हो गई थी।
अन्य घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद बीदासर क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
पुलिस अधीक्षक जय यादव ने संकेत दिए हैं कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की भूमिका स्पष्ट कर दी गई है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
