Hindi News / Churu News (चुरू समाचार) / पोर्टल से जुड़कर युवा ले सकेंगे उद्यमिता एवं अनुभव आधारित प्रशिक्षण

पोर्टल से जुड़कर युवा ले सकेंगे उद्यमिता एवं अनुभव आधारित प्रशिक्षण

चूरू, सम्पूर्ण प्रदेश सहित 16 दिसंबर से जिले में में शुरू हो रही विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान माय भारत पोर्टल से जुड़कर युवा उद्यमिता एवं अनुभव आधारित प्रशिक्षण ले सकेंगे। जिला युवा अधिकारी डॉ मंगल जाखड़ ने बताया कि भारत सरकार द्वारा 31 अक्टूबर, 2023 को प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी के नेतृत्व में युवा कल्याण हेतु माय भारत पोर्टल की शुरुआत नए युवा विभाग की संरचना के रूप में की गई है। माय भारत पोर्टल का उद्देश्य युवाओं के चहुंमुखी विकास हेतु कैरियर, कौशल, कार्यक्रम, कल्याणकारी योजनाओं में सहभागिता तथा 21वीं सदी के अनुरूप प्रशिक्षण एवं प्रतिभागिता के नए अवसर हेतु डिजिटल एवं फिजिकल माध्यमों को एक प्लेटफॉर्म के रूप में तैयार करना है।

उन्होंने बताया कि 16 दिसंबर से जिले में शुरू हो रही विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान प्रत्येक ग्राम पंचायत पर भारत सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं से आमजन को जोड़ने के साथ-साथ माय भारत वॉलिंटियर्स का पंजीकरण भी किया जाएगा। युवा सशक्तिकरण हेतु शुरू किए गए माय भारत संगठन आगामी माह में प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर पंजीकृत युवाओं को कैरियर, व्यवसाय, सकारात्मक व्यक्तित्व विकास के लिए प्रशिक्षण उपलब्ध कराने हेतु प्रशिक्षित मार्गदर्शकों से जोड़ेगा। यह पोर्टल युवाओं को जिला एवं राष्ट्रीय स्तर पर युवा कार्यक्रमों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराकर उन्हें विभिन्न कलात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सहभागी बनने का अवसर प्रदान करेगा। पंजीकृत युवा ग्राम पंचायत स्तर पर अपना समूह या युवा क्लब बना पाएंगे जो स्वप्रेरणा से विकास एवं स्वयंसेवा के विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर विकसित भारत की परिकल्पना की दिशा में योगदान देंगे।

यह रहेगी पंजीकरण की प्रक्रिया

डॉ जाखड़ ने बताया कि पंजीकरण हेतु www.mybharat.gov.in पोर्टल पर विजिट कर रजिस्टर एज यूथ पर क्लिक करना होगा। अपना मोबाइल नंबर, ईमेल प्रविष्ट कर प्राप्त ओटीपी दर्ज कर वेरीफाई करना होगा। इसके बाद नाम, जन्मतिथि, जिला, ब्लाक, पिनकोड आदि जानकारी प्रविष्ट कर वेरीफाई करना होगा। एडमोर डिटेल्स में ईमेल एवं यूथ टाईप में एनवाईकेएस चयन करके सबमिट करना होगा।

उन्होंने बताया कि पोर्टल जमीनी स्तर पर हर युवा को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से शिक्षा, कैरियर, कौशल प्रशिक्षण एवं व्यक्तित्व विकास के अवसर प्रदान करने तथा उन्हें कॉरपोरेट सेक्टर, ट्रेनिंग संस्थाओं एवं अनुभवी मेंटर से जोड़ने की दिशा में सिंगल विंडो प्लेटफार्म है। उन्होंने जिले के युवाओं से अधिकाधिक पंजीकरण कराने की अपील की है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur