Hindi News / Churu News (चुरू समाचार) / अंतिम संस्कार स्थल पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुष्प चक्र अर्पित कर दी विधायक शर्मा को श्रद्धांजलि

,

अंतिम संस्कार स्थल पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुष्प चक्र अर्पित कर दी विधायक शर्मा को श्रद्धांजलि

सशस्त्र सलामी के साथ राजकीय सम्मान से दी गई अंतिम विदाई

सरदारशहर, [जगदीश लाटा ] सरदारशहर के विधायक जन नेता भंवर लाल शर्मा की अंतिम यात्रा में उमड़े हजारों लोग अपने आंसू नहीं रोक सके। शव यात्रा में भारी संख्या में शहर व देहात के लोगों को भंवर लाल अमर रहे, एक ही लाल भंवर लाल आदि नारे लगाते देखा गया। सोमवार को सुबह से ही विधायक निवास पर लोगों का तांता लगना शुरू हो गया। शहर भर में व देहात में भी अनेक विद्यालयों में अवकाश रखा गया। शहर के सारे बाजार स्वत: स्फूर्त पूर्ण रूप से बंद रखे गए। जन नेता विधायक भंवर लाल शर्मा की पार्थिव देह रविवार रात को जयपुर से स्थानीय विधायक निवास पर लाने पर भी सैकड़ों लोग उमड़ पड़े थे। सोमवार को सुबह से ही यहां विधायक निवास पर लोगों का तांता लगना शुरू हो गया था। ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग उमड़ रहे थे। जगह की कमी की समस्या के चलते दोपहर को शर्मा की पार्थिव देह तिरंगा में लपेट कर स्थानीय ताल मैदान पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। ताल मैदान में हजारों की भीड़ लगातार गगनभेदी नारों से वातावरण को गुंजायमान कर रही थी। उधर रामधुन से भी वातावरण धर्ममय हो रहा था। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के यहां ताल मैदान में आकर शर्मा के अंतिम दर्शन किए जाने के बाद भी काफी देर लगी और भीड़ अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़ी थी।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने पुष्प चक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

प्रदेश के दिग्गज नेताओं सहित हजारों समर्थक रहे अंतिम यात्रा में शामिल

सशस्त्र सलामी के साथ राजकीय सम्मान से की गई अंतिम विदाई

स्थानीय ताल मैदान में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सिंधिया, झालावाड़ सांसद दुष्यंत सिंह,चूरु सांसद राहुल कस्वां, उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, रतनगढ़ विधायक राजकुमार रिणवा, तारानगर विधायक नरेंद्र बुडानिया, बसपा नेता मनोज न्यांगली सहित सैकड़ों की संख्या में प्रभावशाली लोगों ने उन्हें पुष्प चक्र भेंटकर कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके साथ बिताए पलों को याद किया। यहां से पूर्व सीएम राजे विधायक शर्मा के आवास पर पहुंचे जहां पर उन्होंने विधायक शर्मा की धर्मपत्नी मनोहरी देवी सहित परिवार की महिला सदस्यों को ढांढस बंधाया। वही नगर पालिका के आगे पालिका अध्यक्ष चौधरी ने अपनी पूरी टीम के साथ है शर्मा के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर नम आंखों से अंतिम विदाई दी। इसके बाद अंतिम यात्रा मुख्य मार्गो से होती हुए तारानगर रोड़ स्थित उनके निजी फार्म हाउस पर पहुंची जहां उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में जनसैलाब ने जब तक सूरज चांद रहेगा भंवरलाल तेरा नाम रहेगा के नारों से आसमान गुंजायमान कर दिया। अंतिम संस्कार स्थल पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुष्प चक्र अर्पित कर अपनी पार्टी के वरिष्ठ विधायक शर्मा को श्रद्धांजलि दी और परिवार को ढांढस बंधाया। शर्मा की अंतिम यात्रा के दौरान बाजार में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ नजर आई। हजारों की संख्या में लोग शवयात्रा के साथ चल रहे थे। अनेक भंवर लाल अमर रहे, गरीबों का मसीहा भंवर लाल आदि नारे लगाते हुए देखे गए तो कयी लोग रोते भी नजर आए। जगह जगह रास्ते में पुष्प वर्षा की गई। अनेक जगह लोगों ने पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित किए।अंतिम यात्रा बाजार, बस स्टेंड होते हुए मेगा हाइवे से चली । आगे शव यात्रा तारानगर रोड पर स्थित शर्मा परिवार के फार्म हाउस पर पहुंची।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur