चूरू शहर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। वार्ड संख्या 23 निवासी 43 वर्षीय मुरारीलाल प्रजापत के बैंक खाते से अज्ञात तरीके से करीब ₹4000 निकल गए।
घटना का पता चलते ही पीड़ित के होश उड़ गए और उसने तुरंत कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई।
सुबह मोबाइल देखने पर हुआ खुलासा
कोतवाली पुलिस के अनुसार, मुरारीलाल प्रजापत रात को अपने घर पर सो गए थे। सुबह उठकर जब उन्होंने मोबाइल देखा तो बैंक खाते से रुपए कटने के मैसेज आए हुए थे।
मैसेज देखकर वह हैरान रह गए। जांच करने पर पता चला कि उनके खाते से करीब ₹4000 निकाले जा चुके हैं।
“न ओटीपी साझा किया, न लिंक पर क्लिक किया”
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उन्होंने किसी के साथ ओटीपी या बैंक से जुड़ी कोई गोपनीय जानकारी साझा नहीं की थी।
उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं किया। इसके बावजूद खाते से रुपए निकल जाना चिंता का विषय बन गया है।
“सुबह मोबाइल में मैसेज देखकर पता चला कि खाते से पैसे निकल चुके हैं।” पीड़ित मुरारीलाल प्रजापत
साइबर ठगी की आशंका, जांच शुरू
घटना के बाद पीड़ित ने बैंक से जानकारी जुटाई और कोतवाली थाना पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ परिवाद दर्ज कराया।
पुलिस इस मामले को साइबर ठगी से जोड़कर जांच कर रही है। साथ ही बैंक ट्रांजैक्शन की डिटेल भी खंगाली जा रही है।
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या मैसेज पर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करें।
इसके अलावा ओटीपी, एटीएम पिन और बैंक डिटेल किसी भी व्यक्ति को न बताने की सलाह दी गई है।





