राजियासर से लापता बच्चा मिला, राजलदेसर में महिला निकली बेगुनाह
चूरू। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे बच्चों की किडनैपिंग के वीडियो के बीच जिले में दहशत का माहौल है।
लोग सजग नजर आ रहे हैं और बच्चों को घर से बाहर अकेले न जाने की हिदायत दे रहे हैं।
इसी बीच दो अलग-अलग घटनाओं ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी।
राजियासर से लापता बच्चा चौमूं में मिला
सालासर थाना क्षेत्र के गांव राजियासर से एक बच्चे के अपहरण की सूचना मिली।
बताया जा रहा है कि आरोपी बच्चे को जयपुर की ओर ले जा रहा था।
एक सजग व्यक्ति ने घटना को देख पुलिस को सूचना दी।
तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बच्चे को चौमूं से डिटेन कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
हालांकि आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
राजलदेसर में महिला निकली निर्दोष
दूसरी घटना राजलदेसर कस्बे की है।
यहां एक गुजराती महिला को एक बच्चे के साथ देखकर लोगों ने उसे किडनैपर समझ लिया और पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
राजलदेसर थाने के एएसआई हेमराज के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि महिला गुजरात की रहने वाली है और क्षेत्र में घर-घर जाकर महिलाओं से बाल खरीदने का काम करती है।
जिस बच्चे को लेकर संदेह हुआ, वह उसका खुद का था।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अफवाहों से बचें, पुलिस की अपील
लगातार वायरल हो रहे वीडियो और मैसेज के कारण लोग संवेदनशील हो गए हैं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
बिना पुष्टि किसी व्यक्ति के साथ दुर्व्यवहार या हिंसा कानूनन अपराध है।
सावधानी जरूरी, लेकिन संयम भी
इन दोनों घटनाओं ने साफ कर दिया कि सजगता जरूरी है, लेकिन अफवाहों के आधार पर किसी को दोषी ठहराना खतरनाक हो सकता है।
