Hindi News / Churu News (चुरू समाचार) / चूरू में जनआधार, जन्म-मृत्यु पंजीकरण और जनगणना 2027 की तैयारी पर समीक्षा

चूरू में जनआधार, जन्म-मृत्यु पंजीकरण और जनगणना 2027 की तैयारी पर समीक्षा

Churu collector reviewing Jan Aadhaar and census preparation meeting

चूरू जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने शनिवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग और आयोजना विभाग की समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने जनआधार से जुड़े प्रकरणों का सतर्कता के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जनआधार प्रकरणों में सतर्कता जरूरी

जिला कलक्टर सुराणा ने कहा कि जनआधार में संशोधन, नए जनआधार बनाना और जनआधार डिलीट से जुड़े मामलों की पूरी सावधानी से जांच की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सांख्यिकी अधिकारी आवेदकों के दस्तावेजों की सही तरीके से जांच करें और सभी जानकारी पोर्टल पर सही ढंग से दर्ज करें। उन्होंने कहा कि जनआधार और जन्म-मृत्यु पंजीकरण से जुड़े लंबित मामलों को नियमित मॉनिटरिंग और फॉलो-अप के जरिए जल्द निपटाया जाए।

जन्म-मृत्यु पंजीकरण डेटा को रखें अपडेट

बैठक में जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जिले का जन्म और मृत्यु पंजीकरण डेटा पूरी तरह अपडेट और शुद्ध होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन एंट्री में किसी भी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए, इसके लिए नियमित जांच जरूरी है।

जनगणना 2027 की तैयारियों की समीक्षा

जिला कलक्टर ने जनगणना 2027 के तहत मास्टर ट्रेनर, प्रगणक और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति से संबंधित तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर पर सभी गतिविधियों की समय पर तैयारी की जाए और संबंधित कर्मचारियों को उचित प्रशिक्षण दिया जाए।

कई योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा

बैठक में मुख्यमंत्री ई-ग्राम परियोजना, जीवनांक, कृषि सांख्यिकी, वार्षिक सर्वेक्षण, सीएमएमएस पोर्टल, पंच गौरव योजना और संस्था आधार सहित कई महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। सांख्यिकी उपनिदेशक डॉ. राम गोपाल सेपट ने विभागीय गतिविधियों और सर्वेक्षणों की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

आयोजना विभाग की योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के निर्देश

जिला कलक्टर ने आयोजना विभाग की योजनाओं और कार्यक्रमों की भी समीक्षा की और इनके सफल क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम के तहत सम्पूर्णता अभियान में तीन संकेतकों में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल होने पर संतोष जताया और शेष संकेतकों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

जिले की रैंक सुधारने पर जोर

बैठक में उन्होंने बीस सूत्री कार्यक्रम में शामिल प्रधानमंत्री आवास और राजीविका के रिवॉल्विंग फंड में सुधार कर जिले की रैंक बेहतर करने की बात कही। इसके अलावा गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना के तहत सभी कार्य इसी वित्तीय वर्ष में पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्य आयोजना अधिकारी भागचंद खारिया ने बैठक में विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों और विभागीय प्रगति की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।